कांवड़ मेले से पहले हरिद्वार में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मनसा देवी और चंडी देवी मंदिर के रोपवे का संचालन कुछ दिनों के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है। रोपवे संचालित करने वाली कंपनी उषा ब्रेको ने बताया कि यह कदम नियमित अर्धवार्षिक मेंटेनेंस के तहत उठाया गया है।
कंपनी के अनुसार 8 जुलाई से 11 जुलाई तक मनसा देवी रोपवे और 13 जुलाई से 16 जुलाई तक चंडी देवी रोपवे का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इस अवधि में रोपवे की तकनीकी जांच, मशीनों की सर्विसिंग और सुरक्षा उपकरणों का परीक्षण किया जाएगा।
रोपवे सेवा बंद रहने के दौरान श्रद्धालुओं को दोनों मंदिरों तक पहुंचने के लिए पैदल मार्ग का उपयोग करना होगा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा की योजना पहले से बनाने और निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की है।
कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार में लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में रोपवे की विश्वसनीयता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह मेंटेनेंस बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कंपनी ने बताया कि मेंटेनेंस कार्य पूरा होने के बाद सभी सुरक्षा मानकों की जांच के उपरांत ही रोपवे का संचालन दोबारा शुरू किया जाएगा।
