हरेला पर्व पर कृषि मंत्री गणेश जोशी बोले— पौधरोपण से ही सुरक्षित रहेगा पर्यावरण

उत्तराखंड में मनाए जा रहे लोकपर्व हरेला के अवसर पर कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अपने शासकीय आवास परिसर में फलदार पौधों का रोपण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में पौधरोपण जैसे छोटे-छोटे प्रयास भविष्य की बड़ी समस्याओं का समाधान बन सकते हैं।

गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली से है। इस धरोहर को सुरक्षित रखने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के बिना पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता।

उन्होंने लोगों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी देता है।

मंत्री ने प्रदेशवासियों से हरेला पर्व को केवल परंपरा के रूप में नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के रूप में मनाने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड की हरियाली और प्राकृतिक समृद्धि को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *