बारिश के बाद फिर शुरू हुई चारधाम यात्रा, प्रशासन ने श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील

लगातार बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए एहतियातन रोकी गई चारधाम यात्रा मंगलवार से दोबारा शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने यात्रा मार्गों की समीक्षा के बाद श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को फिर से खोलने का निर्णय लिया।

गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि चारधाम यात्रा सभी संबंधित जिलों के प्रशासन, पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) और अन्य विभागों के समन्वय से सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। यात्रा मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि बारिश के कारण यदि किसी स्थान पर भूस्खलन या सड़क अवरुद्ध होने जैसी स्थिति बनती है, तो श्रद्धालु घबराएं नहीं। ऐसे समय में प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित होल्डिंग एरिया में रुकें और स्थानीय प्रशासन व पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी कारण मौसम की स्थिति को देखते हुए पहले यात्रा को अस्थायी रूप से रोका गया था। अब मार्गों की समीक्षा और आवश्यक सुरक्षा इंतजामों के बाद यात्रा दोबारा शुरू कर दी गई है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और यात्रा मार्ग की ताजा जानकारी जरूर लें तथा यात्रा के दौरान जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *