रुड़की के दौड़ बसी गांव में नदी पर पुलिया नहीं बनने से स्थानीय लोगों को हर साल बरसात के मौसम में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और जनप्रतिनिधियों पर अनदेखी का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने कई बार विधायक रवि बहादुर और सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत से पुलिया निर्माण की मांग की, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। लोगों का कहना है कि समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, बारिश होने पर रास्ता पूरी तरह जलमग्न हो जाता है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है और कई लोग जरूरी काम के लिए भी गांव से बाहर नहीं निकल पाते।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बीमार मरीजों को अस्पताल ले जाना सबसे बड़ी चुनौती बन जाता है। समय पर इलाज नहीं मिलने का खतरा हमेशा बना रहता है।
ग्रामीणों ने साफ कहा कि यदि जल्द पुलिया का निर्माण शुरू नहीं हुआ तो वे लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेंगे और चुनाव में जनप्रतिनिधियों का विरोध करेंगे।
