देहरादून: आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए देहरादून में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान तेजी से चल रहा है। इस अभियान की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान स्वयं निरीक्षण करने मैदान में पहुंचे।
उन्होंने अजबपुर कलां क्षेत्र में घर-घर जाकर मतदाताओं को नोटिस देने की प्रक्रिया देखी और बीएलओ से बातचीत कर पूरे अभियान की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।
डॉ. चौहान ने कहा कि पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी मतदाताओं का सत्यापन पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए।
जिले में अब तक 11 लाख 90 हजार से अधिक मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। वहीं, जिन मतदाताओं के रिकॉर्ड में किसी प्रकार की विसंगति पाई गई है, उन्हें घर-घर जाकर नोटिस दिए जा रहे हैं। ऐसे मतदाताओं की संख्या लगभग 5 लाख 47 हजार बताई गई है।
प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सही विवरण के साथ मतदाता सूची में दर्ज रहे और चुनाव के समय किसी भी नागरिक को परेशानी का सामना न करना पड़े।
