चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग ने यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य निगरानी और स्क्रीनिंग अभियान तेज कर दिया है। ऋषिकेश और हर्बर्टपुर में बनाए गए हेल्थ स्क्रीनिंग सेंटरों पर यात्रियों की नियमित जांच की जा रही है।
सीएमओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश में हजारों श्रद्धालुओं की ओपीडी जांच की गई, जिनमें बड़ी संख्या में ऐसे यात्री मिले जो डायबिटीज, हाइपरटेंशन और अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित थे। ऐसे यात्रियों को यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अब तक 20 यात्रियों को आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है, जबकि 29 लोगों को स्वास्थ्य कारणों से यात्रा टालने की सलाह दी गई है।
हर्बर्टपुर में ओएनजीसी द्वारा उपलब्ध कराए गए कैंटर के माध्यम से यात्रियों को स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं। यात्रा मार्ग पर डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
