विधानसभा चुनाव से पहले जसपुर में गरमाई सियासत, सपा महिला कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में जसपुर में समाजवादी पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया।

सपा जिला अध्यक्ष रवि छाबड़ा अपने समर्थकों के साथ महिला सभा नगर अध्यक्ष परवीन जहां के आवास पहुंचे। यहां महिला कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया। बैठक में आगामी चुनाव में पार्टी को मजबूत करने और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने को लेकर चर्चा की गई।

बाद में महिला कार्यकर्ताओं ने नगर चौराहे पर पहुंचकर प्रदेश सरकार का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।

रवि छाबड़ा ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड सहित कई घटनाओं में पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गंभीर मामलों को दबाने का प्रयास कर रही है, जिससे महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।

प्रदर्शन में शामिल महिला कार्यकर्ताओं ने सरकार से महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *