नैनीताल में मौसम का कहर: तेज बारिश और ओलावृष्टि से जनजीवन प्रभावित

रिपोर्ट: ललित जोशी

नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल में मौसम ने अचानक रौद्र रूप धारण कर लिया। तेज हवाओं, मूसलाधार बारिश और जोरदार ओलावृष्टि ने शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया।

दिन की शुरुआत साफ मौसम के साथ हुई थी और बड़ी संख्या में पर्यटक नैनी झील में नौकाविहार का आनंद ले रहे थे। लेकिन अचानक मौसम बदलते ही भारी बारिश और ओलों की बौछार शुरू हो गई, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

पर्यटक और स्थानीय लोग खुद को बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।ऊंचाई वाले इलाकों में ओलों की मोटी परत जमने से पहाड़ सफेद नजर आने लगे, मानो बर्फबारी हुई हो। वहीं, शहर में जलनिकासी व्यवस्था प्रभावित होने से सड़कों पर पानी बहने लगा, जिससे आवागमन में दिक्कतें पैदा हो गईं।

ओलावृष्टि के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड का असर बढ़ गया है। खबर लिखे जाने तक बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला जारी है। शहर की सड़कों पर सन्नाटा छाया हुआ है और आसमान में लगातार बिजली की गर्जना हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *