चमोली में दर्दनाक हादसा: काफल तोड़ने गए युवक की मौत, परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की मांग

चमोली जिले के थराली क्षेत्र में काफल तोड़ने जंगल गए एक युवक की दर्दनाक मौत के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उसके परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग उठाई है। सोमवार को ग्राम पंचायत देवलकोट की प्रधान गुड्डी देवी ने उपजिलाधिकारी थराली यशवीर सिंह रावत को ज्ञापन सौंपकर सरकार से पीड़ित परिवार को दैवीय आपदा मद से राहत राशि प्रदान करने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, 17 मई को ग्राम मेल्ठा निवासी 19 वर्षीय अमित कुमार पुत्र स्वर्गीय गजपाल राम वन पंचायत क्षेत्र में काफल लेने गया था। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि तूफान के चलते पेड़ की एक बड़ी टहनी टूटकर गिरी, जिससे अमित का संतुलन बिगड़ गया और वह चट्टानी क्षेत्र में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायल युवक को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र थराली पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पहले कर्णप्रयाग और बाद में श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर कर दिया। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर उसे दून अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, अमित के पिता का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। वह अपनी नानी के घर रहकर परिवार की जिम्मेदारियों में सहयोग करता था। उसकी मृत्यु के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

उक्रांद नेता एवं पूर्व राज्य आंदोलनकारी भूपाल सिंह गुंसाई ने बताया कि मृतक के परिवार में उसकी मां, नानी और दो छोटे भाई हैं। परिवार में कमाने वाला कोई अन्य सदस्य नहीं है। ऐसे में सरकार को मानवीय आधार पर आगे आकर परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुख्यमंत्री के नाम भी ज्ञापन भेजा गया है और प्रशासन से मामले को दैवीय आपदा के तहत मानते हुए उचित मुआवजा देने की मांग की गई है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्राम प्रधान गुड्डी देवी, भूपाल सिंह गुंसाई, वन पंचायत सरपंच लक्ष्मण सिंह, शांति देवी, दर्शन सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *