ग्राम प्रधान जांच विवाद: ग्रामीणों ने लगाया मिलीभगत का आरोप, बीडीओ कार्यालय पर किया प्रदर्शन

रुड़की: माधोपुर हरजरतपुर गांव में ग्राम प्रधान के खिलाफ चल रही जांच को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने ब्लॉक अधिकारियों पर निष्पक्ष जांच न करने और ग्राम प्रधान से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए बीडीओ कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों के अनुसार शिकायतों के आधार पर जांच के आदेश काफी पहले दिए जा चुके थे, लेकिन एक साल से अधिक समय गुजरने के बाद भी जांच किसी नतीजे तक नहीं पहुंची है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासनिक स्तर पर मामले को लंबित रखा जा रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि जांच टीम के गांव आने की सूचना पहले से दी गई थी। हालांकि टीम निर्धारित समय पर नहीं पहुंची और कई घंटे बाद गांव में पहुंचकर केवल औपचारिक कार्रवाई कर वापस लौट गई। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी फैल गई।

आक्रोशित ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी सुमन कोटियाल के कार्यालय का घेराव किया और भ्रष्टाचार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं लाई गई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *