थराली में स्वास्थ्य सेवा की अनूठी पहल, हंस फाउंडेशन ने लगाया निःशुल्क नेत्र जांच शिविर

थराली: हंस फाउंडेशन सतपुली की ओर से रामलीला मैदान थराली में आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर का आयोजन भोले जी महाराज और माता मंगला के आशीर्वाद तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से संपन्न हुआ।

सुबह 10 बजे से शुरू हुए शिविर में 115 से अधिक मरीजों की आंखों की जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को आंखों से संबंधित समस्याओं के बारे में जागरूक किया और आवश्यक दवाइयां निःशुल्क वितरित कीं। इसके अलावा कई जरूरतमंद लोगों को मुफ्त चश्मे भी उपलब्ध कराए गए।

जांच के दौरान करीब 20 मरीजों में मोतियाबिंद की शिकायत सामने आई। चिकित्सकों ने बताया कि इन सभी मरीजों का हंस फाउंडेशन जनरल हॉस्पिटल में निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। संस्था की ओर से ऑपरेशन के लिए परिवहन सुविधा भी मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी।

स्थानीय लोगों ने हंस फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर लोगों के लिए बेहद लाभदायक साबित हो रहे हैं। कार्यक्रम में गंगा सिंह बिष्ट, दलबीर सिंह, राजेंद्र प्रसाद देवराड़ी, दीपक गुसाईं सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *