पिज्जा, बर्गर, फ्रेंच फ्राइज, चिप्स, कोल्ड ड्रिंक्स, कैंडी, पैकेट वाले स्नैक्स और इंस्टैंट नूडल्स बच्चों को दिखने में जितने आकर्षक और खाने में स्वादिष्ट लगते हैं, सेहत के लिए उतने ही खोखले हैं। वैज्ञानिक शोधों से साफ है कि जंक फूड से बच्चों के शरीर में सिर्फ कैलोरी जाती है। इनमें चीनी, नमक और अस्वास्थ्यकर वसा (सैचुरेटेड एवं ट्रांस फैट) कूट-कूट कर भरा होता है, जबकि प्रोटीन, विटामिंस, मिनरल्स और फाइबर जैसे जरूरी पोषक तत्व पूरी तरह गायब होते हैं। यह बच्चों का पेट तो भर देता है, लेकिन उनके शरीर और दिमाग को कुपोषित रख देता है।
जंक फूड के 3 सबसे खतरनाक प्रभाव
जब बच्चे लगातार हाई-कैलोरी वाला भोजन खाते हैं और शारीरिक खेलकूद कम करते हैं, तो शरीर में अतिरिक्त चर्बी (Fat) जमा होने लगती है। डॉ. शुभदा भनोत के अनुसार, बचपन का यह मोटापा आगे चलकर इन गंभीर बीमारियों का रास्ता खोलता है, डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर, फैटी लिवर और दिल की बीमारियां, दांतों और मसूड़ों का सड़ना (अम्लीय पेय और चीनी के कारण)
मानसिक सेहत और मस्तिष्क के विकास पर चोट
जंक फूड सिर्फ शरीर को ही नहीं, बल्कि बच्चों के दिमाग को भी कमजोर कर रहा है। कई अध्ययनों में सामने आया है कि अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड खाने वाले बच्चों में: एकाग्रता (Focus) की भारी कमी हो जाती है। चिड़चिड़ापन, लगातार थकान और मूड स्विंग्स (मूड में तेजी से बदलाव) देखने को मिलते हैं। बच्चों में चिंता (Anxiety) और अवसाद (Depression) का खतरा तेजी से बढ़ रहा है।
किशोरियों में हार्मोनल असंतुलन (PCOS का खतरा)
अस्वास्थ्यकर खानपान का सबसे बुरा असर किशोरियों (Teenage Girls) के हार्मोनल स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। अधिक चीनी और रिफाइंड कार्ब्स खाने से शरीर में इंसुलिन प्रतिरोध (Insulin Resistance) बढ़ता है, जो PCOS (पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम) का मुख्य कारण है। यह एक जटिल मेटाबॉलिक और प्रजनन विकार है, जिसके कारण: पीरियड्स का अनियमित होना। अचानक वजन बढ़ना और चेहरे पर मुंहासे आना। चेहरे या शरीर पर अत्यधिक बाल आना और भविष्य में गर्भधारण में समस्या। स्वाद की लत: बदल रहा है जीभ का टेस्ट
अत्यधिक नमक और चीनी खाने से बच्चों की स्वाद ग्रंथि (Taste Buds) बदल जाती है। इसके बाद उन्हें फल, सब्जियां, दालें और घर का सादा पौष्टिक खाना बिल्कुल पसंद नहीं आता। इससे बच्चों में आयरन, कैल्शियम, विटामिन डी और बी-कॉम्प्लेक्स की भारी कमी हो रही है, जिससे उनकी इम्यूनिटी (रोग प्रतिरोधक क्षमता) कमजोर पड़ जाती है। बचपन की यह खराब आदत वयस्क होने तक पीछा नहीं छोड़ती।
माता-पिता क्या करें?
इस गंभीर संकट से बच्चों को बचाने के लिए माता-पिता और समाज को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी, हेल्दी रिप्लेसमेंट (Healthy Swaps): कोल्ड ड्रिंक्स की जगह बच्चों को नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी या ताजे फलों का जूस दें, घर में हमेशा फल, सलाद, अंकुरित अनाज (Sprouts), दूध, दही और सूखे मेवे (Nuts) उपलब्ध रखें। बच्चों का मोबाइल/टीवी देखने का समय सीमित करें। उन्हें रोजाना कम से कम 1 घंटा मैदान में खेलने या शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करें।
