गाड़ी ओवरटेक विवाद ने लिया कानूनी रूप, पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ केस दर्ज

रुड़की: खानपुर विधानसभा के पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन एक बार फिर कानूनी विवाद में फंस गए हैं। लक्सर क्षेत्र के एक व्यक्ति ने उन पर फोन पर धमकी देने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि सड़क पर वाहन ओवरटेक करने को लेकर संजीव कुमार और प्रणव सिंह चैंपियन के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि बाद में फोन पर बातचीत के दौरान चैंपियन ने शिकायतकर्ता को अपशब्द कहे और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

घटना के बाद पीड़ित ने लक्सर कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस पूरे विवाद से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है। दूसरी ओर, प्रणव सिंह चैंपियन ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपना पक्ष रखते हुए आरोपों का जवाब दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *