रुड़की के मंडावली गांव में सरकारी भूमि पर कथित कब्जे को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्राम प्रधान संदेश ने गांव में संचालित एक दवा कंपनी पर बंजर भूमि के हिस्से पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया है। इस मामले को लेकर उन्होंने जॉइंट मजिस्ट्रेट रुड़की को शिकायत पत्र सौंपा है।
ग्राम प्रधान का कहना है कि कंपनी ने पहले कृषि भूमि खरीदी और बाद में फैक्ट्री का निर्माण शुरू कर दिया। निर्माण के दौरान कंपनी ने आसपास की सरकारी भूमि को भी अपने परिसर में शामिल कर लिया। आरोप है कि इससे गांव की सार्वजनिक संपत्ति प्रभावित हुई है।
प्रधान ने यह भी दावा किया कि फैक्ट्री के निकट स्थित नाली की भूमि पर भी निर्माण कार्य कराया गया है। इससे भविष्य में जल निकासी की समस्या उत्पन्न हो सकती है और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। क्षेत्रीय पटवारी ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश की है, लेकिन रिपोर्ट अभी सामने नहीं आई है। जॉइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
