उत्तराखंड के रामनगर में सीताबनी-पाटकोट मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे लगे पेड़ से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को कार से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी घायलों को संयुक्त चिकित्सालय रामनगर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
अस्पताल के चिकित्सक डॉ. हर्ष ने बताया कि घायलों की पहचान अंकित रावत, अमन वर्मा, अमन कुमार और अंकित कुमार के रूप में हुई है। सभी युवक काशीपुर के निवासी हैं और हादसे के समय एक ही कार में सवार थे।
प्राथमिक जांच में अंकित रावत और अमन की हालत गंभीर पाई गई। चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेज दिया है, जबकि अन्य दो युवकों का इलाज रामनगर अस्पताल में जारी है। उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि कार तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित हुई। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि विशेष रूप से जंगल और पहाड़ी मार्गों पर पूरी सावधानी और नियंत्रित गति के साथ वाहन चलाएं।
