रामनगर में वन विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्षों से फरार चल रहे शातिर वन अपराधी लखविंदर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ 23 वन अपराध दर्ज हैं और वह लंबे समय से विभाग की गिरफ्त से बाहर था।
वन विभाग को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने साथियों के साथ आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध कटान की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने रणनीति बनाकर मौके पर घेराबंदी की और आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
वन क्षेत्राधिकारी शेखर चंद्र तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें बहुमूल्य पेड़ों की अवैध कटाई, लकड़ी की तस्करी और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने के आरोप शामिल हैं।
वन विभाग का मानना है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय वन माफियाओं को कड़ा संदेश जाएगा। विभाग अब फरार साथियों की तलाश में भी अभियान चला रहा है ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट लगाने का प्रस्ताव भी उच्च अधिकारियों को भेजा जा रहा है।
