रुड़की: रुड़की रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार सुबह एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगते ही चालक ने फुर्ती दिखाते हुए स्कूटी छोड़ दी, जिससे वह सुरक्षित बच गया। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोगों में भी दहशत फैल गई।
मिली जानकारी के मुताबिक शक्ति विहार कॉलोनी निवासी आशु कुमार अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से कार्यालय जा रहे थे। जैसे ही वह अनमोल मेडिकल स्टोर के सामने पहुंचे, स्कूटी से धुआं निकलने लगा। कुछ ही सेकंड में आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया।
स्कूटी चालक ने खतरे को भांपते हुए तुरंत वाहन से छलांग लगा दी। इसके बाद देखते ही देखते स्कूटी धू-धू कर जलने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी।
घटना के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। राहगीर सुरक्षित दूरी बनाकर खड़े रहे और कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो भी बनाया। गनीमत रही कि कोई अन्य व्यक्ति इस हादसे की चपेट में नहीं आया।
विशेषज्ञों का मानना है कि इलेक्ट्रिक वाहनों में समय-समय पर बैटरी और वायरिंग की जांच बेहद जरूरी है। फिलहाल आग लगने की वजह की जांच की जा रही है।
