रुड़की: हरिद्वार के पिरान कलियर स्थित विश्व प्रसिद्ध दरगाह साबिर पाक में एक नई समिति के गठन को लेकर विवाद सामने आया है। “अंजुमन ए खुद्दाम ए आस्ताना साबिर पाक समिति” नाम से जारी एक विजिटिंग कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी वैधता पर सवाल खड़े किए हैं।
विजिटिंग कार्ड में समिति का पंजीकरण संख्या और पदाधिकारियों की सूची प्रकाशित की गई है। अध्यक्ष के रूप में खादिम सलीम अहमद साबरी, उपाध्यक्ष के रूप में खादिम मुनीस (पप्पू) और सचिव के रूप में खादिम गुलाम दस्तगीर का नाम दर्ज है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समिति के गठन के लिए दरगाह प्रशासन से किसी तरह की अनुमति नहीं ली गई। उनका आरोप है कि दरगाह के नाम का उपयोग कर नई समिति बनाना नियमों के विपरीत है और इससे जायरीन भी भ्रमित हो सकते हैं।
सूचना के अधिकार के तहत समिति की जानकारी मांगे जाने के बाद पूरा मामला प्रशासन के संज्ञान में आया। इसके बाद दरगाह प्रशासन ने संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।
जॉइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र सेठ ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
