देहरादून में मानसून को लेकर हाई अलर्ट, 24 घंटे सक्रिय है जिला आपदा कंट्रोल रूम

मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से निपटने के लिए देहरादून जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन और जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के नेतृत्व में जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) से पूरे जिले की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करना है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित क्विक रिस्पांस टीम (QRT) लगातार भारी बारिश, जलभराव, भूस्खलन और अन्य आपदा संबंधी घटनाओं पर नजर बनाए हुए है। संवेदनशील इलाकों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं का तुरंत समाधान किया जा रहा है।

जनता की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 0135-2626066, 0135-2726066, टोल फ्री 1077 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 जारी किए हैं। किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना इन नंबरों पर देकर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है।

15 जून से अब तक जिला आपदा कंट्रोल रूम में 60 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुई हैं। प्रशासन के अनुसार सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया गया है। तहसील स्तर पर भी कंट्रोल रूम सक्रिय हैं, जहां से स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।

अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा ने बताया कि मानसून को देखते हुए सभी विभागों की तैयारियां पहले से पूरी कर ली गई हैं। रेड अलर्ट की स्थिति में क्विक रिस्पांस टीम तुरंत मौके पर पहुंचती है, ताकि किसी भी आपदा का प्रभाव कम किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *