रुड़की में 20 घंटे के भीतर पुलिस का बड़ा खुलासा, अपहृत मासूम सकुशल बरामद

रुड़की: झबरेड़ा थाना पुलिस ने 3 वर्षीय मासूम के अपहरण मामले का तेजी से खुलासा करते हुए बच्चे को महज 20 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्चे का अपहरण कथित तौर पर तंत्र-मंत्र और जादू-टोने के उद्देश्य से किया गया था। घटना 14 मई की है, जब भगतोवाली गांव में शादी समारोह के दौरान बच्चा अचानक गायब हो गया था।

पुलिस ने संदिग्ध गरजा उर्फ गजे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ अपहरण की साजिश कबूल कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पुरकाजी रोड स्थित एलबीएस भट्टे के पास से बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *