मुंबई। मुंबई कौथीग के संयोजक एवं वरिष्ठ पत्रकार केशर बिष्ट ने जानकारी दी है कि इस वर्ष आयोजित मुंबई कौथीग के अंतिम दिन पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल विशेष रूप से शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम पिछले 16 वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है और इस बार इसका 17वां वर्ष है।
केशर बिष्ट ने कहा कि दुर्गेश्वर लाल उत्तराखंड विधानसभा के सबसे कम उम्र के विधायकों में से एक हैं और उन्हें एक प्रगतिशील युवा जनप्रतिनिधि के रूप में देखा जाता है। उन्होंने कहा कि उनका मुंबई कौथीग मंच से प्रवासी उत्तराखंडियों को संबोधित करना सभी के लिए गौरव का क्षण होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि मुंबई कौथीग का मुख्य उद्देश्य प्रवासी उत्तराखंडियों को अपने राज्य के जननायकों से जोड़ना और अपनी जड़ों से पुनः परिचित कराना है। इस दस दिवसीय आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखंडी एक-दूसरे से मिलते हैं और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करते हैं।
इधर रवाई, जौनपुर और जौनसार बावर क्षेत्र से जुड़े प्रवासी उत्तराखंडी भी अपने जनप्रतिनिधि से मिलने को लेकर उत्साहित हैं। वे विधायक दुर्गेश्वर लाल के आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
विधायक दुर्गेश्वर लाल ने बताया कि वे मुंबई पहुंचते ही सबसे पहले रवाई, जौनपुर और जौनसार बावर के प्रवासी लोगों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे मुंबई कौथीग मंच पर पहुंचकर प्रवासी उत्तराखंडियों को संबोधित करेंगे और उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
मुंबई कौथीग का यह आयोजन प्रवासी उत्तराखंडियों के लिए अपनी संस्कृति, पहचान और जुड़ाव का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है।
