रुड़की के राजेंद्र नगर चौक स्थित एक निजी ब्लड टेस्टिंग लैब में युवती के साथ कथित अश्लील हरकत का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हंगामा खड़ा हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात एक युवती लैब में पहुंची थी। काफी समय तक बाहर नहीं आने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद लोगों ने लैब के अंदर जाकर देखा तो युवक कथित रूप से युवती के साथ अभद्र व्यवहार करता मिला।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने आरोपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उसके साथ मारपीट भी की।
मौके पर पहुंची गंगनहर कोतवाली पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और आरोपी मोहम्मद अकरम को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने युवती की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
