उधम सिंह नगर जिले के जसपुर क्षेत्र में खराब सड़क को लेकर ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। हलदुआ साहू चौराहे पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान और सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए।
ग्रामीणों का कहना है कि बाबरखेड़ा, श्यामनगर और हलदुआ साहू को जोड़ने वाला मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।
धरने में पहुंचे भारतीय किसान यूनियन के नेताओं और प्रधान संघ के पदाधिकारियों ने प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज करना उचित नहीं है और जल्द समाधान निकाला जाना चाहिए।
ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक उन्हें सड़क निर्माण को लेकर लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। लोगों ने शासन और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
