कैची धाम मार्ग पर स्टंटबाजी पड़ी भारी, पुलिस ने युवक पर की कार्रवाई

भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कैची धाम के पास एक युवक द्वारा चलती कार में खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आया है। युवक अपने साथियों के साथ वाहन की बोनट और खिड़की पर बैठकर सड़क पर हुड़दंग करता दिखाई दिया, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद नैनीताल पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दिल्ली निवासी राहुल के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया। पुलिस द्वारा सख्ती दिखाए जाने पर चालक ने अपनी गलती स्वीकार की और भविष्य में इस तरह की हरकत दोबारा न करने का आश्वासन दिया।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि सड़क पर स्टंटबाजी करने वाले लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियम तोड़ने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

नैनीताल पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और अपनी व दूसरों की जान खतरे में डालने वाले कृत्यों से बचें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि स्टंटबाजी और हुड़दंग करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *