नैनीताल जिले के भवाली-अल्मोड़ा मार्ग स्थित विश्व प्रसिद्ध कैची धाम में इन दिनों भारी भीड़ के चलते ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। सुबह से लगने वाले जाम ने श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं।
बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसके कारण मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। कई यात्री समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन द्वारा जाम से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। मार्ग पर सीमित पुलिस बल तैनात होने के कारण ट्रैफिक नियंत्रण मुश्किल हो रहा है। वहीं बाहरी पर्यटकों की अव्यवस्थित ड्राइविंग और सड़क किनारे खड़े वाहन भी समस्या को बढ़ा रहे हैं।
यह मार्ग पर्वतीय क्षेत्रों को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है, इसलिए जाम का असर दैनिक जीवन पर भी पड़ रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों, ऑफिस कर्मचारियों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
15 जून को होने वाले बाबा नीम करौली महाराज के स्थापना दिवस को लेकर श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और पार्किंग प्रबंधन की व्यवस्था की जाए।
