माँ पूर्णागिरि धाम में मुंडन संस्कार बना कमाई का जरिया? श्रद्धालुओं ने लगाए गंभीर आरोप

माँ पूर्णागिरि धाम मेले में मुंडन संस्कार के नाम पर श्रद्धालुओं से अतिरिक्त पैसे वसूले जाने के आरोप एक बार फिर चर्चा में हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि प्रशासन द्वारा तय ₹151 शुल्क के बावजूद कर्मचारियों और नाइयों द्वारा अलग-अलग नाम पर अतिरिक्त रकम ली जा रही है।

उत्तर प्रदेश के बरेली से आए श्रद्धालु ध्रुवपाल ने बताया कि उनके बच्चे के मुंडन के लिए पहले ₹200 का टोकन दिया गया और बाद में नाई ने ₹100 नौछावर के नाम पर लिए। इसी तरह रुद्रपुर निवासी गंगाधर ने दो बच्चों के मुंडन में कुल ₹680 खर्च होने की बात कही।

श्रद्धालुओं का आरोप है कि निर्धारित शुल्क का बोर्ड सही स्थान पर नहीं लगाया गया, जिससे अधिकांश लोग सही जानकारी से वंचित रह जाते हैं। अशिक्षित और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

मेला प्रशासन की ओर से कहा गया है कि मुंडन स्थल का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है और अतिरिक्त शुल्क वसूली की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हर वर्ष लाखों श्रद्धालु माँ पूर्णागिरि धाम पहुंचते हैं। ऐसे में मुंडन संस्कार में कथित अतिरिक्त वसूली का मामला प्रशासनिक दावों की पोल खोलता नजर आ रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन इस अवैध वसूली पर कब तक प्रभावी रोक लगा पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *