मसूरी-देहरादून मार्ग पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ नगर पालिका प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान करीब 10 अवैध ठेलों का सामान जब्त किया गया, जबकि कई लोगों को मौके पर ही चेतावनी देकर हटाया गया।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। नगर पालिका टीम के पहुंचते ही कई लोग अपना सामान समेटकर वहां से निकल गए।
प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि मसूरी-देहरादून मार्ग पर सड़क किनारे अवैध रूप से ठेले और अस्थायी दुकानें लगाई जा रही हैं। खासतौर पर खिलौने, दरियां और अन्य सामान बेचने वाले लोगों ने कई जगहों पर तिरपाल लगाकर कब्जा कर लिया था, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
इसी को देखते हुए नगर पालिका ने अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण हटाया और कई ठेलों का सामान जब्त कर लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
नगर पालिका प्रशासन ने शहरवासियों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों और सड़कों पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
