पौड़ी: उत्तराखंड के पौड़ी जनपद में रविवार को मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आया। सुबह से ही जिला मुख्यालय सहित विभिन्न क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहा। लगातार हो रही वर्षा ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं जंगलों में लगी आग पर भी प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद जगा दी है।
पिछले कई दिनों से बढ़ते तापमान और शुष्क मौसम के कारण आमजन परेशान थे। ऐसे में शनिवार और रविवार को हुई बारिश राहत लेकर आई। वन क्षेत्रों में लगी आग को बुझाने में भी बारिश मददगार साबित हो रही है।
हालांकि बारिश के कारण कुछ स्थानों पर मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। पौड़ी-श्रीनगर हाईवे पर मरगदना (राधावल्लभपुरम), कलडुंग सहित कई इलाकों में पहाड़ियों से मलबा और पत्थर सड़क पर आ गए। इससे यातायात प्रभावित हुआ और यात्रियों को सावधानी के साथ सफर करना पड़ा।
मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने तथा किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
बारिश के बीच प्रशासन ने नागरिकों से भी सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।
