देहरादून में तड़के सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस दौरान दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से हथियार भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, नयागांव क्षेत्र में पुलिस चेकिंग के दौरान बदमाशों ने बैरियर तोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस द्वारा पीछा करने पर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने मौके से राजस्थान के रहने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। वहीं, तीन अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देशी तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।
घायल बदमाश की पहचान रिंकू मीणा के रूप में हुई है, जिस पर हत्या समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल था।
दून पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
