ऋषिकेश में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: दो इनामी अपराधी गिरफ्तार, फायरिंग के बाद पैर में लगी गोली

देहरादून: ऋषिकेश में देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ में दो इनामी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहे आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद हुई जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

देहरादून पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपी आमिर और अनवार उर्फ सफकत लंबे समय से फरार चल रहे थे। दोनों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं और कुछ समय पहले रोजगार की तलाश में ऋषिकेश पहुंचे थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 4 जून को ऋषिकेश क्षेत्र में शराब पीने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने अपने एक साथी के साथ मिलकर स्थानीय लोगों पर फायरिंग की थी। इस घटना में दो लोग घायल हो गए थे। वारदात के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।

देर रात पुलिस की चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन आरोपियों ने बैरियर तोड़ दिया और मौके से फरार होने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, भागते समय उन्होंने पुलिस टीम पर भी गोली चला दी। पुलिस ने तत्काल जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो अवैध पिस्टल, जिंदा कारतूस, इस्तेमाल किए गए खोखा कारतूस, नकदी और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद हथियारों की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है।

पुलिस जांच में आरोपी अनवार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि वह बिहार में हत्या और लूट के एक गंभीर मामले में वांछित है। आरोप है कि लूटपाट की एक घटना के दौरान उसने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

देहरादून पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके अन्य आपराधिक कनेक्शन भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *