देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार सांसद Trivendra Singh Rawat ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ कथित रूप से झूठे और मानहानिकारक बयान प्रसारित किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। इस मामले में उन्होंने दिल्ली पुलिस को पत्र लिखकर FIR दर्ज करने की मांग की है।
पूर्व मुख्यमंत्री का आरोप है कि सोशल मीडिया पर Suresh Kamboj नामक व्यक्ति द्वारा उनके खिलाफ झूठे और भ्रामक दावे फैलाए जा रहे हैं। इनमें झारखंड प्रभारी रहते हुए कथित अवैध वित्तीय लेनदेन, उत्तराखंड में बिजली विभाग से जुड़े मामलों तथा मूर्ति देवी हत्याकांड को लेकर लगाए गए आरोप शामिल हैं।
त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार, भ्रामक और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि यह उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने की एक सुनियोजित साजिश है।
उन्होंने नई दिल्ली के DCP को दिए गए पत्र में मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत FIR दर्ज की जाए और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस से उचित कार्रवाई की उम्मीद जताते हुए उन्होंने कहा कि इस प्रकार की फर्जी और अपमानजनक सामग्री को सोशल मीडिया पर फैलने से रोकना बेहद जरूरी है।
