‘काला दिवस’ पर कांग्रेस का पलटवार, भाजपा पर संविधान का राजनीतिक इस्तेमाल करने का आरोप

देहरादून: ‘काला दिवस’ को लेकर उत्तराखंड की राजनीति में बयानबाज़ी तेज हो गई है। कांग्रेस की वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी संविधान और लोकतंत्र के नाम पर केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1975 में लगाया गया आपातकाल उस समय की राष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए संवैधानिक प्रक्रिया के तहत लागू किया गया था। इसे आज के राजनीतिक माहौल से जोड़कर जनता को भ्रमित करना उचित नहीं है।

डॉ. प्रतिमा सिंह ने कहा कि भाजपा स्वयं को संविधान का सबसे बड़ा संरक्षक बताती है, लेकिन उसके कई कदम संविधान की मूल भावना के अनुरूप नहीं दिखाई देते। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल राजनीतिक फायदे के लिए इतिहास की घटनाओं को अलग तरीके से प्रस्तुत कर रही है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि आज देश की जनता पहले से अधिक जागरूक है और वह राजनीतिक प्रचार तथा वास्तविक मुद्दों के बीच अंतर करना अच्छी तरह समझती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की रणनीति अब जनता के बीच सफल नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास सर्वोपरि है और कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *