खटीमा में नष्ट किया गया भारत-नेपाल सीमा से जब्त 25 क्विंटल काजू-अखरोट, प्रशासन ने की कार्रवाई

खटीमा : भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ की गई बड़ी कार्रवाई में जब्त किए गए करीब 25 क्विंटल काजू और अखरोट को प्रशासन ने नियमानुसार नष्ट कर दिया। खटीमा तहसील परिसर में गड्ढा खोदकर पूरे माल को मिट्टी में दबाया गया।

यह माल हाल ही में मेलाघाट ऑफ-रूट क्षेत्र से बरामद किया गया था, जहां सीमा शुल्क विभाग की सीएमपीयू खटीमा टीम ने 2,460 किलोग्राम काजू गिरी और 60 किलोग्राम अखरोट जब्त किए थे। कार्रवाई निरीक्षक आकाश दीक्षित और हेड हवलदार मंजुल कुमार दुबे के नेतृत्व में की गई थी।

तहसीलदार वीरेंद्र सजवान ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जब्त सामग्री का सुरक्षित निस्तारण कराया गया। नगर पालिका की जेसीबी की सहायता से गड्ढा खोदकर पूरे माल को मिट्टी में दबा दिया गया, जिससे उसका दोबारा उपयोग न हो सके।

इस दौरान सहायक आयुक्त प्रवीन भूषण, सहायक निर्देशक डॉ. मुकेश बाबू, अधीक्षक रजोष शर्मा समेत सीमा शुल्क विभाग और तहसील प्रशासन के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

सीमा शुल्क विभाग ने आम लोगों से तस्करी के खिलाफ सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है। विभाग का कहना है कि तस्करी रोकने में जनता की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *