ऋषिकेश में बेटे ने मां को मारी गोली, घरेलू विवाद के बाद हुई सनसनीखेज वारदात

ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। पशुलोक विस्थापित कॉलोनी में घरेलू विवाद के दौरान एक युवक ने कथित तौर पर अपनी ही मां पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र के गली नंबर-3, ए ब्लॉक, मंदिर के पास स्थित पशुलोक विस्थापित कॉलोनी की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 32 वर्षीय सुमित गौड़ का अपनी 63 वर्षीय मां उषा देवी गौड़ से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान सुमित गौड़ ने 12 बोर के तमंचे से फायर कर दिया। गोली लगने से उषा देवी गौड़ के माथे पर गंभीर चोट आई। घटना के बाद आरोपी खुद अपनी मां को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश लेकर पहुंचा, जहां उनका इलाज जारी है।

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। वहीं, पीड़िता के बड़े बेटे अमित गौड़, निवासी माजरी ग्रांट, थाना डोईवाला, ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना में इस्तेमाल हथियार को कब्जे में लेने और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *