रुड़की: भाजपा नेता एवं पूर्व राज्यमंत्री सुबोध राकेश ने बुग्गावाला में अपने जन्मदिन के अवसर पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए। जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए उन्होंने निशुल्क चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर और व्हीलचेयर वितरण कार्यक्रम का आयोजन कराया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।
स्वास्थ्य शिविर में लोगों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ आंखों की मुफ्त जांच भी की गई। चिकित्सकों ने मरीजों को परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाइयां भी निशुल्क उपलब्ध कराईं। इससे आसपास के गांवों से आए लोगों को काफी राहत मिली।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण 74 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर प्रदान करना रहा। लाभार्थियों ने इस सहायता के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। रक्तदान शिविर में भी युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
राजनीतिक रूप से भी सुबोध राकेश ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। पिछले कई वर्षों से वे सामाजिक कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों के जरिए क्षेत्र की जनता के बीच अपनी मौजूदगी बनाए हुए हैं।
इस मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के सदस्य और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने सुबोध राकेश को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके सामाजिक प्रयासों की प्रशंसा की।
