नैनीताल में घना कोहरा और मूसलाधार बारिश, जनजीवन पर पड़ा व्यापक असर

सरोवर नगरी नैनीताल में लगातार हो रही बारिश और घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शहर के अधिकांश हिस्सों में दृश्यता बेहद कम हो गई है। घने कोहरे के कारण सड़क पर कुछ ही दूरी तक देख पाना संभव नहीं हो रहा, जिससे वाहन चालकों को काफी सतर्कता के साथ सफर करना पड़ रहा है।

8 जुलाई से शुरू हुआ बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम खराब होने के कारण प्रसिद्ध माल रोड, जहां सामान्य दिनों में पर्यटकों और स्थानीय लोगों की अच्छी-खासी भीड़ रहती है, अब लगभग सुनसान दिखाई दे रही है। पर्यटन गतिविधियों पर भी मौसम का असर साफ देखा जा सकता है।

लगातार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने 10 जुलाई, शुक्रवार को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है। प्रशासन ने लोगों से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

बारिश के कारण जिले में दो राज्य मार्ग, दो प्रमुख जिला मार्ग और कई ग्रामीण सड़कें बंद हो गई हैं। संबंधित विभाग मार्गों को खोलने में जुटे हैं। वहीं पहाड़ी इलाकों से पत्थर गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

बारिश का असर नैनीताल झील पर भी दिखाई दे रहा है। झील का जलस्तर बढ़ गया है और मौसम में ठंडक भी काफी बढ़ गई है। लगातार खराब मौसम से जनजीवन प्रभावित है और लोग सामान्य गतिविधियां भी सीमित कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *