रुड़की: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच रुड़की के अंबर तालाब क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जलभराव के कारण सड़क और नाले का अंतर खत्म हो गया, जिससे बुलेट बाइक पर सवार एक युवक सीधे खुले नाले में जा गिरा। गनीमत रही कि युवक ने समय रहते खुद को संभाल लिया और उसकी जान बच गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। नाले में फंसी बाइक को बाहर निकालने के लिए काफी प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद जेसीबी मशीन बुलाकर बाइक को नाले से बाहर निकाला गया।
घटना का वीडियो आसपास मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो देखने के बाद लोग नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बारिश के दौरान खुले नाले सबसे बड़ा खतरा बन जाते हैं। जलभराव के कारण यह पता लगाना मुश्किल हो जाता है कि सड़क कहां खत्म हो रही है और नाला कहां शुरू हो रहा है।
यह घटना नगर निगम की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े करती है। लोगों ने प्रशासन से खुले नालों को ढकने और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
