मानसून को लेकर देहरादून नगर निगम की बड़ी तैयारी, पांच जोन में तैनात की गई टीमें

देहरादून: मानसून के सक्रिय होने के बाद देहरादून नगर निगम ने शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। लगातार बारिश के बीच निगम की टीमें अलग-अलग इलाकों में निगरानी कर रही हैं ताकि कहीं भी पानी जमा होने की स्थिति बनने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

नगर आयुक्त डॉ. आलोक कुमार पांडे ने बताया कि शहर को पांच जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन में अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे किसी भी शिकायत पर तत्काल प्रतिक्रिया दी जा सके।

उन्होंने जानकारी दी कि शहर के कुल 45 बड़े और 575 छोटे नालों में से अधिकांश प्रमुख नालों की सफाई पूरी हो चुकी है। चार स्थानों पर निर्माण कार्य के कारण सफाई का काम अभी जारी है, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

नगर निगम ने 12 पंपिंग सेट पहले ही तैनात कर दिए हैं, जबकि 14 अतिरिक्त पंपिंग सेट की व्यवस्था भी की जा रही है। निगम का दावा है कि इससे भारी बारिश के दौरान भी जल निकासी व्यवस्था प्रभावित नहीं होगी।

नगर आयुक्त ने कहा कि कुछ क्षेत्रों में ड्रेनेज सिस्टम नहीं होने के कारण पानी निकालने में थोड़ा समय लग सकता है, लेकिन निगम की टीमें लगातार सक्रिय हैं और शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तत्परता से काम कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *