लगातार दूसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष बने गोपाल बोरा, खटीमा में हुआ ऐतिहासिक स्वागत

खटीमा: तराई विकास संघ (टीवीएस) के अध्यक्ष पद पर लगातार दूसरी बार निर्विरोध चुने जाने के बाद वरिष्ठ भाजपा नेता गोपाल बोरा का खटीमा में भव्य स्वागत किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके सम्मान में ढोल-नगाड़ों के साथ विजय जुलूस निकाला और आतिशबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की।

गोपाल बोरा के खटीमा पहुंचते ही मुख्य चौक पर कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद निकले विजय जुलूस में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। जुलूस शहीद स्मारक पहुंचा, जहां गोपाल बोरा ने उत्तराखंड आंदोलन के शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

अपने संबोधन में गोपाल बोरा ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता का है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें मिली जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाया जाएगा।

वरिष्ठ भाजपा नेता दान सिंह रावत ने कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में भाजपा लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि गोपाल बोरा का निर्विरोध चुना जाना संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की एकजुटता का स्पष्ट संकेत है।

इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, नगर एवं ग्रामीण मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *