रुद्रपुर: उत्तराखंड की खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि युवाओं की मेहनत और प्रतिभा ही प्रदेश के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य स्पष्ट रखने और निरंतर मेहनत करते रहने की अपील की।
प्रतिभा सम्मान समारोह में उन्होंने कहा कि आज के छात्र-छात्राएं कल के जिम्मेदार नागरिक और देश के भविष्य के निर्माता हैं। इसलिए उन्हें केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझना होगा।
रेखा आर्या ने कहा कि चुनौतियां जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन जो विद्यार्थी आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते हैं, वही बड़ी सफलता हासिल करते हैं। उन्होंने युवाओं को नवाचार, तकनीक और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि रुद्रपुर सांस्कृतिक मंच जैसे संगठन प्रतिभाओं को मंच देकर समाज में शिक्षा और उत्कृष्टता का संदेश दे रहे हैं। ऐसे प्रयास भविष्य में और अधिक प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रेरित करेंगे।
समारोह में उत्तराखंड बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड के 93 टॉपर्स को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक और शिक्षक भी मौजूद रहे।
