बेरोजगार युवाओं के समर्थन में सड़कों पर उतरी कांग्रेस, जसपुर में किया विरोध प्रदर्शन

जसपुर: दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे बेरोजगार युवाओं पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में जसपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। झंडा चौक और सुभाष चौक पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने कहा कि देश का युवा रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और निष्पक्ष परीक्षाओं की मांग कर रहा है। उनका कहना था कि युवाओं की मांगों को गंभीरता से सुनने के बजाय उन पर बल प्रयोग किए जाने के आरोप लोकतंत्र के लिए चिंताजनक हैं।

एनएसयूआई के सरदार अमृत सिंह ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों से लाखों युवाओं की मेहनत पर पानी फिर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं की चिंताओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करना चाहिए।

कांग्रेस नगराध्यक्ष मोहम्मद नाजिम ने कहा कि सरकार को परीक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने और नकल माफियाओं के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

विधायक आदेश सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था की मांग लगातार उठाती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *