प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड का रविवार को उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने सोमेश्वर स्थित अपने निजी आवास पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ श्रवण किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देश के लोगों को जोड़ने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी मंच बन गया है।
रेखा आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने संबोधन के माध्यम से उन लोगों की प्रेरणादायक कहानियों को सामने लाते हैं, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में नई मिसाल कायम की है। इससे आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं को देश के विकास में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि इस बार के कार्यक्रम में खेल, विज्ञान, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया। प्रधानमंत्री ने इन क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों की सराहना कर पूरे देश का उत्साह बढ़ाया।
रेखा आर्या ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल पौधारोपण का अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण का सपना तभी पूरा होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
