उत्तराखंड में बढ़ती गर्मी और हीट वेव को देखते हुए जसपुर जल संस्थान ने क्षेत्रवासियों से जल संरक्षण की अपील की है। विभाग का कहना है कि बढ़ते तापमान के कारण पानी की खपत तेजी से बढ़ रही है, जिससे जल आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
जूनियर इंजीनियर कमल किशोर टम्टा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भीषण गर्मी के दौरान लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना आवश्यकता घर से बाहर न निकलें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पानी की उपलब्धता सीमित है, लेकिन विभाग लगातार 24 घंटे मोटर चलाकर जनता तक पानी पहुंचाने का प्रयास कर रहा है। गर्मी के मौसम में बिजली की समस्या भी जलापूर्ति पर असर डालती है।
जल संस्थान ने लोगों से अपील की है कि पानी की बर्बादी रोकें और जल संरक्षण को अपनी आदत बनाएं, ताकि भविष्य में जल संकट की स्थिति से बचा जा सके।
