Roorkee के लंढौरा कस्बे में भीषण गर्मी के बीच नगर पंचायत की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े होने लगे हैं। लोगों को राहत देने के लिए लगाए गए वाटर कूलर अधिकतर जगहों पर बंद पड़े हैं, जिससे राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
कस्बे के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगाए गए कई वाटर कूलर खराब हालत में दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी लगातार बढ़ रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से जरूरी सुविधाओं की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत ने लोगों को राहत पहुंचाने के लिए एक दर्जन से ज्यादा वाटर कूलर लगाए थे। लेकिन उनमें से अधिकांश या तो तकनीकी खराबी के कारण बंद हैं या फिर लंबे समय से उनकी देखरेख नहीं हुई है।
लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। वहीं सूत्रों के मुताबिक, वाटर कूलरों की मरम्मत पर लाखों रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इसके बावजूद लोगों को सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन और अधिशासी अधिकारी Hemant Kumar Gupta से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है।
