हरिद्वार
हरिद्वार के श्रवणनाथ नगर क्षेत्र में फिल्म शूटिंग के दौरान लगाए गए एक साइनबोर्ड को लेकर विवाद खड़ा हो गया। ‘बार एंड रेस्टोरेंट’ लिखे बोर्ड को देखकर स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध जताया, जिसके बाद निर्माताओं को तत्काल बोर्ड में बदलाव करना पड़ा और ‘बार’ शब्द हटा दिया गया।
जानकारी के अनुसार श्रवणनाथ नगर स्थित एक धर्मशाला परिसर में फिल्म की शूटिंग चल रही थी। शूटिंग के एक सीन के लिए भवन के बाहर ‘बार एंड रेस्टोरेंट’ का बोर्ड लगाया गया था। जैसे ही इसकी सूचना स्थानीय व्यापारियों और समाजसेवियों को मिली, वे मौके पर पहुंच गए और आपत्ति जताने लगे।
स्थानीय लोगों का कहना था कि हरिद्वार एक धार्मिक नगरी है और यहां इस तरह के बोर्ड लगाना अनुचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के दृश्य शहर की धार्मिक पहचान को प्रभावित कर सकते हैं।
विरोध के दौरान मौके पर मौजूद लोगों और फिल्म यूनिट के बीच बहस भी हुई। स्थिति को बिगड़ता देख फिल्म निर्माताओं और भवन प्रबंधन ने तुरंत बोर्ड से ‘बार’ शब्द हटाकर मामला शांत करने की कोशिश की।
हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका कि किस फिल्म की शूटिंग की जा रही थी। फिल्म यूनिट ने आवश्यक अनुमति होने की बात कही, लेकिन स्थानीय लोग इस तरह की शूटिंग को लेकर अपनी नाराजगी जताते रहे।
घटना के बाद हरिद्वार में फिल्म शूटिंग के दौरान धार्मिक संवेदनाओं के ध्यान रखने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
