गंगा स्नान के कारण इन दिनों रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। इसी भीड़ के बीच रूड़की रेलवे स्टेशन पर GRP जवानों ने अपनी संवेदनशीलता और सेवा भावना से सभी का दिल जीत लिया।
स्टेशन पर एक दिव्यांग व्यक्ति अपनी व्हीलचेयर के साथ रेलवे ट्रैक पार करने के लिए काफी देर से परेशान था। अकेले ट्रैक पार करना उसके लिए संभव नहीं था और भीड़ में कोई मदद के लिए आगे नहीं आ रहा था।
तभी ड्यूटी पर मौजूद GRP जवानों ने उसकी परेशानी देखी और तुरंत सहायता के लिए पहुंचे। एएसआई सुशील तिवारी, हेड कांस्टेबल अजीम, कांस्टेबल चंद किरण और कांस्टेबल जाहुल हसन मिर्जा ने दिव्यांग व्यक्ति को व्हीलचेयर सहित उठाकर सुरक्षित दूसरी ओर पहुंचाया।
GRP जवानों के इस मानवीय व्यवहार की स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने जमकर तारीफ की। लोगों ने कहा कि पुलिस का यह चेहरा समाज में विश्वास और सम्मान बढ़ाने का काम करता है।
इस दौरान मौके पर मौजूद यात्रियों ने भी GRP टीम के इस कार्य को सराहनीय बताया।
