उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज से तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला उत्तराखंड दौरा है, जिसे संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में उनके स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पार्टी कार्यालय को विशेष रूप से सजाया गया है और कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। दौरे के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष संगठन की मजबूती, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर कई अहम बैठकों में हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम के मुताबिक नितिन नवीन आज शाम करीब 5:30 बजे भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचेंगे। यहां सबसे पहले वह कोर कमेटी के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद प्रदेश मंत्रिमंडल के साथ भी अलग बैठक आयोजित होगी, जिसमें सरकार और संगठन के समन्वय पर चर्चा की जाएगी।
29 मई को राष्ट्रीय अध्यक्ष टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री आवास में भी वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक और चर्चा का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
भाजपा नेताओं का मानना है कि यह दौरा आगामी चुनावों के लिए पार्टी संगठन को नई दिशा और ऊर्जा देने में अहम भूमिका निभाएगा।
