नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने वरिष्ठ पत्रकार एवं शिक्षाविद् डॉ. गिरीश रंजन तिवारी की पुस्तक ‘अतीत से वर्तमान तक नैनीताल का सफर और गॉथिक राजभवन के निर्माण की अद्भुत गाथा’ का विमोचन किया।
इस अवसर पर AI Theme Room के सहयोग से विकसित AI Heritage & Tourism App का भी शुभारंभ किया गया, जिसे राज्यपाल ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर को डिजिटल रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
राज्यपाल ने कहा कि यह पुस्तक केवल ऐतिहासिक विवरण नहीं, बल्कि नैनीताल की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक परिवेश का जीवंत दस्तावेज है। उन्होंने कहा कि विरासत और तकनीक का संतुलन ही भविष्य के विकसित भारत की नींव है।
उन्होंने लोक भवन को उत्तराखंड की प्रशासनिक और ऐतिहासिक स्मृतियों का केंद्र बताते हुए कहा कि लगभग 125 वर्ष पुरानी इस धरोहर को संरक्षित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय, पुस्तक के लेखक डॉ. गिरीश रंजन तिवारी, एप निर्माता सिद्धार्थ माधव एवं प्रकाशक संतोष सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
