शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हल्द्वानी में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि मानसून के दौरान जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में सड़क खुदाई के बाद लंबे समय तक मरम्मत न होने की शिकायतों पर मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पहले पुरानी खुदाई का कार्य पूरा किया जाए, उसके बाद ही नई परियोजनाओं के लिए सड़कें खोदी जाएं।
मंत्री ने नगर निगम और संबंधित विभागों को नालों की सफाई, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने और नई नालियों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध अतिक्रमण हटाने और वेंडिंग जोन विकसित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक सप्ताह प्रगति रिपोर्ट नगर आयुक्त को सौंपने और नियमित निरीक्षण करने को कहा। साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
बाद में उन्होंने कॉलटेक्स और अन्य निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
